हरियाणा के ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह ने सरपंचों से की ये अपील, गांव के चहुंमुखी विकास के लिए बोली ये बातें

हरियाणा के ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह ने पंचायती राज संस्थाओं से आह्वान किया है कि वे शहरों की तर्ज पर गांवों के चहुंमुखी विकास के लिए सकारात्मक सोच के साथ कार्य करें। गांवों के विकास कार्यों में धन राशि की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। सरकार द्वारा पूरे प्रदेश में बिना भेदभाव के सबका साथ-सबका विकास की नीति पर चलते हुए विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।
ऊर्जा मंत्री सिरसा जिले के नाकौड़ा गांव में रानियां हलके के सरपंच एसोएशन की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। सिरसा से रानियां, रानियां से जीवन नगर तक की सडक़ को चौड़ा करवाया जाएगा जिस पर जल्द ही काम शुरु हो जाएगा, इससे यातायात व्यवस्था और सुगम होगी। इसके अलावा रानियां में सीवरेज व गलियों के काम के साथ-साथ एक भव्य स्वागत द्वार भी बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता की सोच व प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में गांवों का चहुंमुखी विकास करवाया जा रहा है। प्रदेश की पंचायतों में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी महिलाओं को दी गई है, जो कि महिला सशक्तिकरण का एक उदाहरण हरियाणा सरकार ने दिया है। सरकार की दूरगामी सोच के तहत ही प्रदेश में पढ़ी लिखी पंचायतें बनी हैं, जिसमें युवाओं की खांसी भागीदारी सामने आई है।